Thursday 26 July 2018

मस्तानी महल में शाम होते ही आती हैं डरावनी आवाजें


Uttar Pradesh News Portal : वीडियो: मस्तानी महल में शाम होते ही आती हैं डरावनी आवाजें

महाराज के राज्य के विस्तार के बारे में कहा जाता है कि इत चम्बल उत बेतवा और नर्मदा टौंस, छत्रसाल के राज में रही न काऊ हौंस। इतिहासकारों के अनुसार, मस्तानी राजा छत्रसाल की अंशज पुत्री थी। जो जहानत खां के दरबार की मुस्लिम नर्तकी और महाराज छत्रसाल से हुई संतान थी। महाराज छत्रसाल ने मस्तानी को पुत्रीवत पाला, पूरे जीवन कभी न हार न मानने वाले महाराज छत्रसाल को अपने अंत समय में मुगलो से सामना करने के लिए बाजी राव पेशवा की मदद लेनी पड़ी।
युद्ध में बाजीराव पेशवा और महाराज छत्रसाल की सेना एक होने की बात सुनकर ही मुगलो के हाथ पैर ठन्डे पड़ गए और उन्होंने अपनी सेनाएं वापस बुला ली। इस बात से प्रसन्न होकर महाराज छत्रसाल ने अपने राज्य के तीन हिस्से किये। जिसमे दो हिस्से अपने दोनों बेटो जगतराज और हिरदेशशाह को दिए तथा तीसरा हिस्सा मस्तानी को दिया। साथ ही महाराज छत्रसाल ने बाजीराव पेशवा को उपहार के रूप में मस्तानी और उसके राज्य का तीसरा हिस्सा सौंपा था।
आज भी राजा की ड्योढ़ी के सामने मस्तानी महल है .किवदंतिया तो ये भी है राजा ने अपनी ड्योढ़ी के चबूतरे में अकूत संपत्ति दफ़न कर दी थी। जिसकी रक्षा अलौकिक शक्तियां करती हैं। कई बार धन खोदने की लालच में दफ़ीनाबाज रात में आये और डरावनी आवाजों को सुनकर भाग गए या वही बेहोश मिले। दफीनाबाजो द्वारा किये गए गड्ढे भी जगह-जगह साफ़ देखे जा सकते हैं। लेकिन ड्योढ़ी से आज तक कोई भी धन लेकर नहीं जा पाया।

इतिहासकार डॉ. सतीश ने बताया कि महाराज छत्रसाल का इतिहास जैतपुर कसबे जिसे बेलाताल के नाम से भी जाना जाता है। उनसे और बाजीराव पेशवा साथ ही मस्तानी जुड़ा हुआ है। महाराज ने मस्तानी और अकूत संपत्ति को उपहार स्वरूप बाजीराव पेशवा को सौंप दिया था। आज भी उस संपत्ति का काफी हिस्सा महाराज की इसी गढ़ी अंदर कैद है। जिसे किवदंतियो के अनुसार मंत्रो से अलौकिक शक्तियों द्वारा सुरक्षित किया गया था।


स्थानीय नागरिक  ने बताया कि शाम ढलते ही लोग इस महल के आस-पास आने से डरते हैं। उनका कहना है कि अँधेरा होते ही महल से तरह-तरह की आवाजे आनी शुरू हो जाती है। जिससे शाम ढलते ही महल के आसपास सन्नाटा पसर जाता है। कई बार दफ़ीनाबाजो ने धन निकालने कोशिश की तो वहां सैकड़ो की तादात में सांपो ने उन्हें घेर लिया और अंत में धन का लालच छोड़ भाग खड़े हुए। आज भी चार सौ सालो से ये महल खंडहर पड़ा हुआ है। इतिहासकारो के अनुसार यही महल महाराज छत्रसाल द्वारा मस्तानी को बाजीराव पेशवा को सौंपने का गवाह बना था।

पन्ना जिले के तालाब


Image result for पन्ना जिले के तालाबपन्ना जिला पहाड़ी, पठारी, ऊँचा-नीचा टौरियों एवं घाटियों वाला जंगली क्षेत्र है। यहाँ विन्ध्य, कैमूर एवं भांड़ैर पर्वत श्रेणियाँ हैं। पहाड़ों, टौरियों की पटारों एवं घाटियों को काटती हुई केन, व्यारमा, किल-किला, बरारी, बाघैन, पतनै बरमई, मीरा हसन, अतौनी एवं सिमरधा नदियाँ जिले में बहती हैं। जो जिले का बरसाती धरातलीय पानी जिले से बाहर करती रहती हैं। नदियाँ पठारी पहाड़ी होने से गहरी कम एवं चौड़ी ज्यादा हैं क्योंकि भूमि पर मिट्टी की परत कम है और चीपदार पत्थर (बलुई SANDSTONE) मिट्टी के नीचे बिछा हुआ है।

जिला का पश्चिमी, दक्षिणी एवं पूर्वी भाग ऊँचे-ऊँचे पहाड़ों, शैल शिखरों एवं ऊँची-नीची घाटियों-खन्दकों वाला वनाच्छादित भू-भाग है। समतल मैदानी भूमि कम है जिस कारण नदियों के जल का बरसाती धरातलीय जल का उपयोग होना असम्भव ही रहा है। पहाड़ी क्षेत्र वन्य पशुओं, प्राणियों का अभयारण्य है। अमानगंज, सिमिरिया, पबई एवं रैपुरा परिक्षेत्रों में पहाड़ों की तराई में जहाँ कहीं जो भूमि समतल है, वह बलुई-रेतीली है, जिसकी मेड़बन्दी कर छोटे-छोटे खेत बना कर उनमें बरसाती पानी संग्रहीत कर धान एवं अरहर पैदा कर ली जाती है। मैदानी समतल भूमि को यहाँ हवेली कहा जाता है। भूमि पर दो-तीन फुट मिट्टी (बलुई रेतीली) की पर्त है जिसे फावड़े से काटकर वर्षा ऋतु में किसान छोटे-छोटे खेत बना लेते हैं जिनमें धान बो लेते हैं। सिंचाई के पानी की कमी के कारण गेहूँ की फसल जिले में न्यून ही की जाती रही है। हाँ, धान, कोदों, जवार मुख्य फसलें हैं जो वर्षा ऋतु की खरीफ की फसल में पैदा होती हैं, वह भी जहाँ कहीं।

पन्ना जिले की भूमि रचना तालाबों के निर्माण के माकूल नहीं है। इसी कारण जिले में तालाब अधिक नहीं पाए जाते। जो तालाब हैं भी, वह चीपदार पत्थर के खंडों एवं मिट्टी के बने हुए निस्तारी तालाब ही हैं। सिंचाई को जलप्रदाय करने वाले तालाब यहाँ कम ही हैं। अच्छे बड़े एवं दर्शनीय तालाब केवल पन्ना नगर में ही हैं, जिन्हें पन्ना के नरेशों ने नगर निवासियों की जलापूर्ति एवं निस्तार के लिये, जनसुविधा के लिये बनवाया था। पन्ना नगर में 4 तालाब बड़े हैं एवं 3-4 तालाब छोटे-छोटे हैं जो नगर के मध्य मुहल्लों में हैं-

धरम सागर, पन्ना- पन्ना नगर के पूर्वी किनारे एक पहाड़ मदार टुंगा नाम से जाना जाता है जो लगभग 1550 फीट ऊँचा है। इस पहाड़ के शिखर पर सूफी सन्त मदारशाह का मकबरा है। मदारशाह दया, धर्म एवं जनकल्याण की प्रतिमूर्ति थे। ऐसे महान धार्मिक सूफी सन्त की स्मृति में ही यह धरम सागर तालाब बनवाया गया था, जो मदार टुंगा पहाड़ की तलहटी में ही है। यह बहुत गहरा है, भूमि खोदकर बना हुआ है। नगर का सुन्दर तालाब है, जो एक झील-सा है। पहाड़ से झिर-झिरकर जल इसमें जमा होता रहा है जिससे इसका जल स्वच्छ एवं निर्मल रहता है। इसमें कमल भी होता है। इस सरोवर के कारण नगर के कुओं का जल स्तर ऊँचा बना रहता है।

लोक पाल सागर पन्ना- पन्ना के राजा लोक पाल सिंह (1893-97 ई.) ने अपने नाम पर ‘लोकपाल सागर’ तालाब का निर्माण कराया था। यह तालाब पन्ना नगर बस्ती से संलग्न, निस्तारी तालाब है जो पहाड़ी खेरा बस मार्ग पर है। इससे 500 हेक्टेयर से अधिक की कृषि भूमि की सिंचाई की जाती है।

बैनी सागर, पन्ना- बैनी हजूरी पन्ना राजा के कामदार थे। वह पराक्रमी लड़ाका के साथ-साथ जनहित कार्यों में भी दक्ष थे। उन्होंने अपने नाम से ‘बैनी सागर तालाब’ का निर्माण कराया था, जो बस्ती से संलग्न पुराने बस स्टॉप के पास है। वर्तमान में यह तालाब कीचड़, गाद एवं गौंड़र से पट चुका है। इसका जल भी प्रदूषित हो गया है। साफ-सफाई के बिना यह जनोपयोगी तालाब दुर्दशा भोग रहा है।

तिवारी तालाब, पन्ना- एक धनाढ्य तिवारी परिवार ने नगर में जन हितार्थ अपने नाम से तिवारी तालाब का निर्माण कराया था जो जन निस्तारी था। वर्तमान में यह तालाब कचरे से पट रहा है।

नृपत सागर तालाब- पन्ना के महाराजा नृपतसिंह ने अपने शासन काल में, पन्ना नगर के दक्षिणी पार्श्व में, कुंज वन के पास ‘नृपत सागर’ नाम से विशाल तालाब का निर्माण कराया था। वर्तमान में इस तालाब से पन्ना नगर निवासियों को पीने का पानी प्रदाय किया जाता है।

रामकुंड तालाब सारंग- सारंग ग्राम में रामकुंड नाम से प्राचीन तालाब है। इस तालाब को प्राचीन काल से पवित्र माना जाता है। अनेक मन्दिर, देवालय यहाँ हैं। मकर संक्रान्ति के अवसर पर रामकुंड सरोवर पर मेला लगता है। लोग इस तालाब में संक्रान्ति (मकर) के दिन बुड़की (डुबकी) लेने पर अपने को धन्य मानते हैं।

जोधपुर तालाब- गौड़वानी शासन काल में, शाह नगर एवं जोधपुर जोधा शाह गौंड राजा के राज्य के दो बड़े नगर थे। जोधाशाह का राजधानी मुख्यालय जोधपुर था तो उसने अपने शाह (शासक) नाम से शाह नगर कस्बा बसाया था।

जोधाशाह ने अपने जोधा नाम पर, रैपुरा भरवारा परिक्षेत्र के एक विशाल, पठारी ऊँचे पहाड़ पर किला एवं नगर जोधपुर स्थापित किया था। पहाड़ की चोटी समतल एवं लम्बी-चौड़ी है, जिस पर किला जोधपुर बना हुआ है जबकि बस्ती जोधपुर पहाड़ पर ही उत्तरी-पूर्वी पार्श्व में थी, जो अब वीरान, बेचिराग है। बस्ती के खंडहर एवं देवालय बिना देवों के खड़े हुए हैं। किला एवं बस्ती के मध्य विशाल मैदान है जिसमें किला से संलग्न दो तालाब हैं। तालाबों के मध्य से एक मार्ग (बाँध) बस्ती एवं किला को मिलाता है। बाँध मार्ग पर दोनों तालाबों के मध्य में हनुमान जी का मन्दिर है। तालाबों में कमल खिले रहते हैं। तालाबों के उत्तरी भाग में एक विशाल पगवाही बावड़ी (सीढ़ीदार बावड़ी) है जिसमें ग्रीष्म ऋतु में लबालब (ऊपर तक) पानी भरा रहता है। तालाब भी गर्मी की ऋतु में भरे रहते हैं।

जोधपुर नगर एक धन सम्पन्न नगर था जिसे छत्रसाल बुन्देला एवं बहादुर सिंह ने लूटमार कर, मकानों में आग लगाकर जलाकर लोगों को वहाँ से भागने को मजबूर कर दिया था। वर्तमान में पहाड़ पर मात्र 2 तालाब 3-4 बावड़ियाँ, कुएँ एवं हनुमान मन्दिर सही स्थिति में दर्शनीय हैं। मात्र यहाँ एक महन्त जी रहते हैं एवं क्षेत्र के सैलानी भक्त जन आते-जाते रहते हैं।

कुँवरपुरा का तालाब- ग्राम कुँवरपुरा में एक निस्तारी सुन्दर तालाब है। ग्राम कुआँ तालाब, अमदर तालाब, रैया सांटा तालाब, बांद तालाब, अमहा तालाब, पटौरी तालाब भी अच्छे निस्तारी तालाब हैं।

अजयगढ़ के तालाब- अजयगढ़, खजुराहो के बाद दूसरा पुरा संस्कृति नगर रहा है। यहाँ चन्देल काल में कालिंजर एवं खजुराहो जैसै धार्मिक सांस्कृतिक केन्द्रों के मध्य केदार पर्वत पर अजय पाल नामक एक राजस्थानी ऋषि रहा करते थे। अजय पाल ऋषि के नाम पर लोग केदार पर्वत को अजय पहाड़ कहने लगे थे। अजय पहाड़ बहुत ऊँचा रहा है जिसके शिखर तक पहाड़ी जंगल से चढ़कर पहुँच पाना कठिन था। इस पहाड़ के पश्चिमी भाग से केन नदी प्रवाहित है। वाघिन एवं बेरमा नदियाँ भी इसे पूर्वोत्तर भाग से घेरे हुए हैं। कूँड़े सी प्राकृतिक भौमिक संरचना के मध्य केदार पर्वत खड़ा हुआ है जो समुद्र तल से 1744 फुट ऊँचा है।

सन 830 ई. के लगभग चन्देल राजा जयशक्ति ने केदार पर्वत के शिखर पर अजेय दुर्ग ‘जय दुर्ग’ का निर्माण कर किला बनवाया था तथा किला के नीचे गोलाकार पहाड़ों के मध्य तराई में अजयगढ़ बस्ती बसाई थी। किला पत्थर की शिलाओं से बनाया गया था। किले के अन्दर ‘रंग महल’ बना हुआ है। जिसमें चंदेल राजा निवास किया करते थे। रंग महल और किला खजुराहो से भी अधिक आकर्षक है। सम्पूर्ण रंग महल आकर्षक नवयौवनाओं नर्तकियों, देवियों से चित्रित किया गया है, जिनकी मुद्राएं, भावभंगिमाएं व्यक्ति को चकित कर देती हैं, हैरानी में डाल देने वाली हैं।

अजयगढ़ दुर्ग के अन्दर, रानियों के तैरने, स्नान करने के लिये 2 केलि सारिणी (Swiming Pool) बनी हुई हैं। जिन्हें पहाड़ के पत्थर काटकर बनाया गया था। इनमें चन्देल रानियाँ तैरकर स्नान का आनन्द उठाया करती थीं। इन केलि सारिणियों को गंगा-जमुना कुण्ड कहा जाता है।

अजयगढ़ किले में दो तालाब हैं जिन्हें अजयपाल तालाब एवं परमाल तालाब कहा जाता है। वीर वर्मा चन्देल राजा ने किले के अन्दर ही अपनी रानी कल्याण देवी के नाम पर नन्दीपुर क्षेत्र में कल्याण सागर तालाब का निर्माण कराया था। अजयगढ़ दुर्ग (जय दुर्ग) में एक गहरी बावड़ी भी है जिसे बीरा नामक चन्देल ने बनवाया था। इसे बीरा की बावड़ी कहते हैं।

अजयगढ़ के पास दो तालाब हैं जो ग्रामों से संलग्न हैं। जो पोखना तालाब एवं खोई तालाब हैं वह चन्देलकालीन ही हैं। अजयगढ़ नगर में प्राचीन मिंचन तालाब है जो जन निस्तारी है।

रैपुरा के तालाब- रैपुरा पन्ना राज्य का पूर्वकालिक तहसीली मुख्यालय था। तहसीली कचहरी इमारत से संलग्न मिट्टी का बना हुआ तालाब है। तालाब के घाट पक्के बने हुए हैं। यह ग्राम का निस्तारी तालाब है। एक दूसरा तालाब गाँव के बाहर है, जो मिट्टी से भर चुका है। बाँध की केवल पैरियां दृष्टव्य हैं, समीप में श्री हनुमानजी की प्रतिमा स्थापित है, जो धनुष बाण संधाने हुए है।

कुठार तालाब- कुठार ग्राम अजयगढ़ परिक्षेत्र में है। यह प्राचीन धार्मिक सांस्कृतिक स्थल रहा है। कुठार में माहिल पड़िहार का बनवाया हुआ एक सु्न्दर चन्देली तालाब है। माहिल पड़िहार उरई का था तथा परमालदेव का साला एवं रानी मलना देवी का भाई था।

दुर्गा तालाब- पन्ना राज्य शासनकाल का यह ऐतिहासिक तालाब था जिसका निर्माण चन्देलों के समय हुआ था। इस तालाब पर पन्ना राज्य के दो कामदारों-वैनीहुजुरी एवं चौबे खेमराज के मध्य भीषण युद्ध हुआ था।

सामान्यतः तो पन्ना जिला की भूमि कृषि काबिल है ही नहीं, परन्तु जो भूमि जहाँ समतल है, ऐसी भूमि पर छोटे-छोटे खेत बनाकर, उनकी ऊँची मेड़बन्दी कर छोटी-छोटी बंधियां बनाकर तलइयां सी बना ली जाती हैं। जिनमें धान की खेती की जाती है। बलइया घाटी की तलहटी में ऐसी सैकड़ों तलइया हैं।

.गंगऊ बाँध- सन 1912 ई. में ब्रिटिश सरकार ने केन नदी पर गंगऊ नामक स्थल पर पहाड़ों के मध्य गंगऊ बाँध का निर्माण कराया था। गंगऊ बाँध के नीचे जल प्रवाह को रोकने हेतु बरियारपुर में छोटा बाँध बनाया गया था, जिससे नहर निकालकर कुछ कृषि भूमि अजयगढ़ परिक्षेत्र की सिंचाई करती हुई, पूरा पानी बाँदा जिले की बबेरू तहसील को मिलता रहा है।

बड़ौर का तालाब- बड़ौर ग्राम पन्ना से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर मझगवाँ हीरा खदान के समीप है। बड़ौर में एक सुन्दर तालाब है जो निस्तारी है। उससे कुछ सिंचाई भी होती है। तालाब के बाँध पर एक सुन्दर शिव मन्दिर है जो क्षेत्र का प्रसिद्ध मन्दिर है।

इनके अलावा पन्ना जिले में निम्नांकित तालाब भी हैं-

दुबे तालाब, बृजपुर तालाब, सुनेहरा, तालाब, बराछ तालाब, आधार तालाब, विक्रमपुरा तालाब, रमपुरा तालाब, हाटपुर तालाब, जमुन हाई तालाब, भवानीपुर तालाब, मुठवा तालाब, रानीताल तालाब, भावतपुर तालाब, पवइया तालाब, ककरहाई तालाब, सुगरहा तालाब, राजा तालाब, कोहा तालाब, करही तालाब, चिरहाँ तालाब, कुँवरपुरा तालाब, खमरिया तालाब, ऊमरी तालाब, कुआँताल तालाब, बीरानाला तालाब, रैया साटी तालाब, बड़ागाँव तालाब, अमदर तालाब, कटरा तालाब, पड़रहा तालाब एवं अमहा तालाब। 

जालौन (उरई) जिले के तालाब

Image result for जालौन (उरई) जिले के तालाब
तालाबों के निर्माण की आवश्यकता, क्षेत्र की भौमिक संरचना के आधार पर निश्चित की जाती है। पहाड़ी, पथरीली, राँकड़, ढालू, ऊँची, नीची भूमि में जल-संग्रह की अधिक आवश्यकता होती है। परन्तु समतल मैदानी, कछारी, काली मिट्टी वाले भूक्षेत्रों में कृषि के लिये कम पानी कती आवश्यकता होती है, जिस कारण वहाँ तालाब कम ही होते हैं। ऐसे क्षेत्रों में नगरों, कस्बों एवं ग्रामों के किनारे, धार्मिक-सांस्कृतिक कार्य सम्पन्न करने, दैनिक निस्तार क्रियाओं के निष्पादन, नहाने-धोने के लिये कच्चे मिट्टी के तालाब बना लिये जाते हैं, यदि नदियाँ-नाले बस्ती से दूर होते हैं तो ही।

जालौन जिला यमुना, बेतवा, पहूज, क्वारी एवं सिन्ध नदियों का मिलन क्षेत्र है। यह नदियाँ जगम्मनपुर-रामपुरा के पास पचनदा पर मिलती हैं। इन नदियों के भारी भरकम भरके, खन्दक एवं कटानें (RAVINS) हैं। नौंनी एवं मैलुंगा जैसी छोटी-छोटी नदियाँ ऐसे ही निर्मित हुईं हैं। जिला जालौन में निम्नांकित प्रसिद्ध सरोवर हैं-

माहिल सागर, उरई-चन्देल काल में उरई, पड़िहार सामन्त माहिल का क्षेत्र था। माहिल महोबा के चन्देल राजा परमाल देव का साला था, जिसने उरई नगर के मध्य में, झाँसी-कानपुर मार्ग पर, अपने नाम पर विशाल सरोवर बनवाया था।

ऐसी कहावत प्रचलित है, “उद्दालक की तपस्थली, उरई है अब नाम। राज मार्ग के बगल में सरवर ललित ललाम।।” इस तालाब में कमल खिले रहते हैं। तालाब के बाँध पर कजलियों का मेला लगता है। बाँध पर हनुमान मन्दिर है।

टिमरों की बँधियाँ- उरई के दक्षिण में 15 किलोमीटर की दूरी पर टिमरों ग्राम हैं, जहाँ पानी के बारे में यह कहावत है-

बावन कुआँ, चौरासी ताल।
तोउ पै टिमरों पै परो अकाल।।


अर्थात टिमरों में किसानों ने पानी की अपनी स्वयं की व्यवस्था के लिये 52 कुएँ और 84 बँधियां बना रखी हैं।

इटौरा का तालाब- इटौरा को गुरू का गाँव कहा जाता है। यहाँ एक जन-निस्तारी तालाब है। तालाब के बाँध पर गुरू रूपन शाह का मन्दिर है। मुगल सम्राट अकबर ने इसका नाम अकबरपुर रख दिया था।

कौंच का सागर तालाब- कौंच का सागर तालाब मराठा प्रबन्धक (सूबेदार) गोविन्द राव का बनवाया हुआ है। इस तालाब में गणेश जी का विसर्जन होता था।

चौड़िया (बैरागढ़) तालाब, कौंच- यह तालाब सन 1181-82 ई. में पृथ्वीराज चौहान के सामन्त चौड़ा (चामुण्ड राय) ने अपनी चौहान सेना के जल प्रबन्धन हेतु बनवाया था, जो 50 एकड़ क्षेत्र में था। तात्पर्य यह कि तालाब पृथ्वीराज चौहान के महोबा पर आक्रमण करने के वर्ष बना था। बैरागढ़ का मैदान युद्ध क्षेत्र था।

चन्द कुआँ, कौंच- पृथ्वीराज चौहान की सेना के साथ चन्दबरदाई भी थे। उन्होंने अपने नाम पर कौंच में यह चन्द कुआँ बनवाया था।

सन्दल तालाब, काल्पी- काल्पी में यमुना नदी प्रवाहित है, जहाँ कभी जल संकट नहीं होता रहा है। फिर भी ग्राम के मध्य में एक छोटा सन्दल तालाब था, जो पोखर के रूप में रह गया है।

हमीरपुर जिले के तालाब

Image result for हमीरपुर जिले के तालाब

हमीरपुर जिले की मिट्टी काली, काबर, दुमट, हड़कावर एवं पडुआई है, जिसमें जल धारण क्षमता अधिक है, जिस कारण बिना सिंचाई किए भी ‘नगरवार’ गेहूँ (कठिया), चना, मसूर, अल्सी एवं सरसों पैदा किए जाते रहे हैं। इस जिले की भूमि समतल मैदानी है। पहाड़-पहाड़ियाँ अधिक नहीं है। यमुना, बेतवा जैसी जल भरी नदियों के होने से भूमि में नमी बनी रहती है। एक प्रकार से यह यमुना, धसान एवं बेतवा नदियों का कछारीय जिला है, जिस कारण जल का अभाव यहाँ कभी नहीं रहा। तालाब निस्तारी ही हैं, जिनका विवरण निम्नांकित है-

1. मौदहा के तालाब- मौदहा, हमीरपुर जिले का बड़ा कस्बा है। यहाँ 5 तालाब हैं। एक मीरा तालाब कहा जाता है, जिसका बाँध बड़ा सुन्दर है। इस पर कंस का मेला लगता है। बाँध पर अनेक उपासना स्थल बने हुए हैं। दूसरा तालाब इलाही तालाब कहा जाता है, जिसका बाँध भी लम्बा है। इसके बाँध पर सैयद सालार की याद में मेला भरता है। बाँध पर ही सैयद सालार की मजार है। इसके अतिरिक्त 3 छोटे तालाब हैं।

2. राठ के तालाब- राठ हमीरपुर जिले का प्राचीन नगर है जिसे महाभारत काल की विराट नगरी माना जाता है। विराट नगर को ही कालान्तर में राठ कहा जाने लगा था। ऐसी भी धारणा है कि राठ राठौर-वंशीय क्षत्रियों का ठिकाना था, जिसे 1210 ई. अर्थात तेरहवीं सदी के प्रारम्भ में बसाया हुआ कहा जाता है। बाद में यह शरफराउद्दीन के अधिकार में रहा, जिस कारण इसे शराफाबाद भी कहा जाने लगा था। परन्तु यह नाम लोकप्रिय न हो सका जिस कारण प्राचीन नाम राठ ही प्रचलित रहा। राठ में 7 तालाब हैं-

(1) सागर तालाब- राठ नगर का यह सबसे बड़ा एवं सुन्दर तालाब है जिसके घाट बड़े सुन्दर हैं। बाँध पर अनेक उपासना स्थल हैं। राठ हिन्दु-मुस्लिम गंगा जमुनी संस्कृति के मेल के लिए प्रसिद्ध रहा है।

(2) दीपा तालाब- यह गहरा एवं बड़ा तालाब है, जो निस्तारी तालाब है। राठ नगर के अन्य तालाबों में (3) कम्बू तालाब, (4) चौपरा तालाब, (5) घासी तालाब, (6) देव तालाब एवं (7) धुपकाली तालाब है।

हमीरपुर जिले की भूमि समतल है जिस कारण यहाँ कृषि की सिंचाई नहरों से की जाती है।

सन 1912 में धसान नदी के बाँध से नहर निकालकर यहाँ की कृषि भूमि को सिंचाई के लिये पानी पहुँचाया गया था। इस नहर की लम्बाई 632 किलोमीटर है।

सन 1916 ई. में जिले में लगभग 215 बँधियां पानी रोकने (खेत का पानी खेत में) के उद्देश्य से डलवाई गई थीं जो वर्षा ऋतु में तालाबों का स्वरूप ले लेती हैं।

सन 1975 में बेतवा पर पारीछा बाँध की नहर निकाली गई थी, जो लगभग 60 किलोमीटर लम्बी है। इससे जिले की अधिकांश कृषि भूमि की सिंचाई की जाती है।

हमीरपुर जिले में अनेक पम्प कैनालें हैं जिनमें शाहजना पम्प कैनाल, शोहरापुर पम्प कैनाल, पटपरा पम्प कैनाल, सिरौली बुजुर्ग पम्प कैनाल हैं, जो लगभग दस हजार हेक्टेयर भूमि के लिये सिंचाई जल देते हैं। पानी की सुचारू व्यवस्था से जिला धन-धान्य सम्पन्न, आत्मनिर्भर है।

बांदा जिले के तालाब Near of Belatal

Image result for बांदा जिले के तालाब

ऐसी मान्यता है कि प्राचीन काल में इस क्षेत्र में एक वामदेव ऋषि रहा करते थे, जिनके नाम पर इसको बांदा कहा जाने लगा था। इस जिले की भूमि भी पहाड़ी, पठारी, ऊँची-नीची, खन्दकी है। खन्दकी खन्दकों जैसी भूमि होने से वर्षा ऋतु में समूचे खन्दक छोटे-छोटे तालाबों में तब्दील हो जाते हैं, भूमि दलदली हो जाती है।

बाघन नदी जिले को दो भागों-उत्तरी-पूर्वी एवं दक्षिणी-पश्चिमी में विभाजित करती है। जिले की नीची भूमि मार पड़ुआ एवं काली कावर है लेकिन जो ऊँची भूमि वाला क्षेत्र है, उसे पाठा क्षेत्र कहा जाता है। पाठा क्षेत्र में पानी का अभाव है, भूमि रेतीली-सी, अनुपजाऊ है। नदियों की कछारों और पहाड़ों की पटारों की भूमि गीली एवं दलदली रहती है, जिसमें धान की खेती अधिक होती है। बांदा में विभिन्न प्रकार का धान (चावल) पैदा किया जाता है जो जिले से बाहर दूर-दूर तक निर्यात किया जाता है।

पाठा क्षेत्र (Upland Area)-पाठा (पठारी) क्षेत्र कर्बी एवं मऊ तहसीलों के मध्य का भूभाग है। यह टौरिआऊ, पथरीला, पठारी, ऊँचा, पहाड़ी एवं जंगली क्षेत्र है। भूमि राँकड़ है। जहाँ कहीं थोड़ी-सी काबिल काश्त भूमि है वहाँ कोल, भील, कौंदर एवं सहरिया (बनवासी) आदिवासी जातियों की झोपड़ियों वाली बस्तियाँ हैं। यह बांदा जिले का आदिवासी बहुल क्षेत्र है। वर्षा ऋतु (खरीफ) के मौसम में इस पाठा क्षेत्र में कोदों पैदा हो जाता है।

इस क्षेत्र में विन्ध्य की पहाड़ियाँ फैली हुई हैं। पहाड़ी, पथरीला भूभाग होने से ही इसे ‘पाठा’ (Upland Area) कहा गया है। पठार के मध्य दूर-दूर भरके नुमा तालाब भी हैं। जिनका ही पानी आदिवासी लोग पीते हैं। आदिवासी महिलाएँ टौरियाँ पहाड़ियाँ चढ़ते-उतरते दूर-दूर से मिट्टी के घड़ों में पानी लाती हैं। पहाड़ियों और टौरियों के मध्य एक भौंरा तालाब है जिससे आदिवासी महिलाएँ पानी लाते भारी कष्ट सहती हैं। परेशान होकर वे कह उठतीं है, “भौंरा तेरा पानी गजब कर जाय। गगरी न फूटे खसम मर जाय।” पाठा क्षेत्र के लोग जंगली जलाऊ लकड़ी बेचकर उदरपोषण करते हैं। कहा जाता है, “यह पाठा के कोल, जिनका प्यास भरा इतिहास है। इनका भूख भरा भूगोल है।”

बांदा जिले की यमुना, केन, चन्द्रावल, बाघन, पयश्विनी, चान, बरदाहा एवं गरारा नदियों की कछारी दलदली भूमि में वर्षा ऋतु में धान की खेती की जाती है। जिले में जो तालाब हैं, वह खुदेलुआ एवं छोटे निस्तारी हैं जिनसे कृषि के लिये कम पानी लिया जाता है। प्रमुख तालाब निम्नांकित हैं-

1. नवाब टैंक बांदा- नवाब जुल्फिकार अली ने यह तालाब बनवाया था जो नगर का निस्तारी तालाब है।

2. अलवारा तालाब, राजापुर- चित्रकूट जनपद के ग्राम राजापुर में अलवारा जन निस्तारी तालाब है।

3. खार तालाब, सीमू- बवेरू परिक्षेत्र के सीमू ग्राम में खार तालाब है, जो खुदेलुआ है। एक बड़ी बँधिया-सा है, कम गहरा है। यह तालाब जाड़ों के अन्त तक सूख जाता है।

4. दुर्गा तालाब, तरौहा- दुर्गा तालाब कर्बी से 5 किलोमीटर की दूरी पर, तरौहा के निकट स्थित है। यह बड़ा तालाब है। जननिस्तारी तालाब होने के साथ ही इससे कृषि सिंचाई के लिये भी पानी लिया जाता है।

5. राजा तालाब, बांदा- राजा तालाब बांदा के बुन्देला राजा गुमान सिंह (भूरागढ़) ने बनवाया था। यह तालाब बस्ती के मध्य में था जिसके चारों ओर खिरकों के रूप में बस्ती थी। वर्तमान में बांदा नगर का विकास होने से इसका अस्तित्व ही समाप्त हो गया है।

6. फुटना तालाब, बड़ा कोटरा- यह चन्देली तालाब है। जो मऊ तहसील के अन्तर्गत है। यह तालाब फूट चुका है। इसीलिए लोग इसे फुटना तालाब कहते हैं।

7. कोठी तालाब, कटोेरा तालाब एवं गणेश तालाब, कर्वी- यह तालाब विनायक राव मराठा ने बनवाये थे। तालाब सुन्दर एवं जन निस्तारी है। गणेश तालाब पर गणेश मन्दिर है।

8. गौंड़ा का फूटा तालाब- यह तालाब नरैनी क्षेत्रान्तर्गत है जो चन्देल काल का है। यह दो पहाड़ों के मध्य छोटा बाँध बना कर बनाया गया है। यह सुन्दर बड़ा तालाब रहा, परन्तु जल भराव की अधिकता और देख-रेख की कमी के कारण फूट गया था जिससे इसे फूटा ताल कहा जाता है।

9. कालिंजर के तालाब- जिला बांदा तहसील नरैनी में कालिंजर पहाड़ पर कालिंजर किला है। किला की उत्तरी तलहटी में कालिंजर बस्ती है। कालिंजर किला भारत के प्रसिद्ध किलों में से एक है। कालिंजर पहाड़ के ऊपर, किले के अन्दर के प्रांगण में पत्थर काट-काटकर अनेक सुन्दर तालाबों का निर्माण किया गया था। चन्देल नरेशों के बनवाये तालाबों में गंगा सागर, मझार ताल, राम कटोरा, कोटि तीर्थ तालाब, मृगधारा शनिकुंड, पांडु कुण्ड, बुढ़िया का ताल, भैरों बाबा की झिरिया (भैरों कुण्ड), मदार तालाब, ब्राम्हण तलैया (बिजली तालाब) प्रसिद्ध हैं। पहाड़ के नीचे बस्ती में बेला ताल एवं गोपाल तालाब हैं।

10. लोखरी के तालाब- जिला बांदा, तहसील मऊ के अन्तर्गत लोखरी ग्राम है। ग्राम की कालिका देवी पहाड़ी की तलहटी में चन्देलकालीन प्राचीन तालाब है। इसी के पास कोटा कंडेला मन्दिर के पास भी एक छोटा तालाब है जो जन-निस्तारी है।

11. मड़फा के तालाब- नरैनी तहसील अन्तर्गत मड़फा पहाड़ पर कालिंजर के समकाल का विशाल चन्देली किला है। किले के अन्दर मन्दिर से संलग्न पत्थर काट कर विशाल सुन्दर तालाब का निर्माण किया गया था, जिसमें सदैव जल भरा रहता है। इसी के पास एक छोटा तालाब भी है, जिसमें केवल वर्षा ऋतु में पानी रहता है।

12. रासिन के तालाब- नरैनी तहसील अन्तर्गत के रासिन कस्बा है, जो चन्देल काल में पहाड़ी पर था। चन्देल काल का एक तालाब पहाड़ पर पत्थर काट कर बनाया गया था। जो लम्बाकार है। एक दूसरा छोटा तालाब पहाड़ी के नीचे बलन बाबा मार्ग पर है।

13. लामा के तालाब- बांदा से चिल्ला मार्ग पर 13 किमी. की दूरी पर लामा ग्राम है, जहाँ 5 तालाब हैं जो बोलवा, धोविहा, गुमानी, मदाईन एवं इमिलिहा हैं। यह सब निस्तारी तालाब हैं।

14. अरहर एवं मानिकपुरा ग्रामों में भी छोटे-छोटे एक-एक तालाब हैं।

महोबा जिले के तालाब

Image result for belatal pond

वर्तमान का जिला महोबा, पूर्वकालिक हमीरपुर जिला का दक्षिणी भूभाग है, जो पहाड़ी, पथरीला एवं टौरियाऊ ढालू है। इस क्षेत्र में बन रहे हैं। अधिकांश भूमि राकड़ है। कुछ भूमि दुमट और काली है। फिर भी मुरमयाऊ राकड़ मिट्टी अधिक है। पहाड़ियों, टौरियों के होने से बरसाती धरातलीय प्रवाहित होते जाते जल को संग्रहीत करने के लिये चन्देल राजाओं ने सर्वप्रथम तालाबों के निर्माण को सरल और उपयोगी समझा। महोबा तो चन्देलों की राजधानी ही थी, जिसे उन्होंने मालाकार तालाबों की करधनी पहनाकर जलमय नगर बना दिया था। महोबा में निम्नांकित तालाब हैं-

महोबा नगर के तालाब- महोबा नगर चन्देल राजाओं की राजधानी थी। ऐसी लोक धारणा है कि त्रेता युग में महोबा केकपुर नाम से जाना जाता था, जबकि द्वापर युग में इसे पत्तनपुरा कहा जाता था। पत्तनपुरा सातवीं सदी में एक सामान्य खेड़ा अथवा ग्राम था। इसी पत्तनपुरा में चन्द्रब्रम्ह ने महोत्सव कराया था। महोत्सव सम्पन्न होने पर पत्तनपुरा का नाम महोत्सवपुरी रखा गया था जिसे कालान्तर में महोबा कहा जाने लगा था। चन्द्रब्रम्ह चन्देलों के आदि पुरुष थे और महोबा उनका मूल ठिकाना था। चन्देल राजाओं ने महोबा नगर के चारों ओर मालाकार रूप में सुन्दर विशाल सरोवरों का निर्माण कराकर, इसे आकर्षक, मनोरम एवं जलमय नगरी बना दिया था।

1. राहिला सागर- यह सरोवर महोबा नगर के दक्षिण-पश्चिम में 3 किलोमीटर की दूरी पर है, जो चन्देल राजा राहिल देव (890-910 ई.) ने बनवाया था। इसका बाँध विशाल, लम्बा चौड़ा एवं सुदृढ़ है। इसके बाँध पर तेलिया पत्थर से सुन्दर राहिला सूर्य मन्दिर बनवाया गया था। यह सूर्य मन्दिर बाँध के पश्चिमी पार्श्व में आज भी दर्शनीय है। राहिला मन्दिर में सूर्य देव की प्रतिमा लगभग 4 फुट ऊँची बलुआ पत्थर की आराधना मुद्रा में है। राहिला सागर को सूरज कुंड भी कहा जाता है।

2. विजय सागर, महोबा- यह तालाब महोबा के पूर्वी अंचल में कानपुर मार्ग पर है, जिसका निर्माण राजा विजय वर्मा चन्देल (1040-50 ई.) ने कराया था। यह तालाब बहुत बड़ा तथा गहरा है। गहरा एवं विशाल होने के कारण इसे नौका विहार और स्वीमिंग पूल के रूप में पर्यटक झील का स्वरूप दिया जा सकता है। इसके बाँध पर प्राचीन बस्ती थी जिसके खंडहर अब भी देखे जाते हैं। बस्ती में बरगद के पेड़ थे जो अभी भी खड़े हुए हैं। सन 1855 ई. में अंग्रेज इंजीनियर बर्गेस ने इस तालाब के बाँध में सलूस बनवाकर, कृषि सिंचाई के लिये पानी निकालने का प्रबन्ध कर दिया था। तालाब के बाँध की बस्ती का नाम बीजा नगर कहा जाता था। इसी कारण इस तालाब को बीजा सागर भी कहा जाता रहा है।

3. कीरत सागर, महोबा- यह तालाब चन्देल राजा कीर्ति वर्मा (1053-1100 ई.) ने बनवाया था, जो महोबा नगर के दक्षिणी पार्श्व में है। इसका बाँध तेलिया पत्थर की पैरियों से बना है। यह विशाल तालाब है, जिसका जल सदा निर्मल एवं स्वच्छ रहता है। इस तालाब में कमल पैदा होता है। इसका भराव क्षेत्र 18 किलोमीटर है। इस तालाब को स्थानीय लोग किरतुआ तालाब भी कहते रहे हैं जिसमें चन्देल राजघराने की बहू-बेटियाँ अपनी सखियों सहित श्रावण मास की प्रतिपदा को कजलियाँ विसर्जित करने समारोह पूर्वक जाया करती थीं। परमाल राजा के शासनकाल में सन 1182 ई. में पृथ्वीराज चौहान ने चन्देल राज्य महोबा पर आक्रमण करते हुए, कजलियाँ विसर्जन के अवसर पर चन्देल राजकुमारी चंद्रावल के अपहरण हेतु इसी तालाब पर युद्ध लड़ा था, जिसमें चन्देलों की ओर से आल्हा-ऊदल ने शौर्यपूर्वक मुकाबला कर पृथ्वीराज चौहान की सेना को पराजित कर महोबा से खदेड़ दिया था।

कीरत सागर ऐतिहासिक तालाब है। इसके बाँध के पीछे एक मुरमीली पहाड़ी है जिसके शिखर पर दो समाधियाँ बनी हुई हैं, जो ताला सैयद एवं झालन की कही जाती हैं। ताला सैयद एवं झालन आल्हा ऊदल के सहयोगी एवं सहायक थे। यहीं पर आल्हा की बैठक बनी हुई है जो तेलिया पत्थर की पटियों (चीरों) से बनी है।

4. मदन सागर तालाब, महोबा- मदन सागर तालाब, मदनवर्मा चन्देल (1129-1162) ने अपने नाम पर बनवाया था, जो महोबा नगर के दक्षिणी पार्श्व में स्थित है। इस तालाब का प्राकृतिक परिवेश अति रमणीक है। तालाब के बाँध पर अनेक प्राचीन प्रस्तर प्रतिमाएँ बिखरी हुई हैं। तालाब के उत्तरी-पश्चिमी भाग में एक उभरी पथरीली चर्र (पटपरिया) पर शिव मन्दर है, जिसे ककरामठ कहा जाता है। ककरामठ के पास ही एक सुन्दर बैठक थी, जिस पर बैठकर राजा सरोवर का सौंदर्य निहारा करते थे। ककरामठ के पास ही दूसरी चर्च पर विष्णु मन्दिर एवं बैठक थी जो वर्तमान में ध्वस्त हो चुके हैं।

मदन सागर तालाब से चन्देल राजाओं की ऐतिहासिकता जुड़ी हुई है। इस तालाब के उत्तरी पार्श्व की पहाड़ी पर चन्देलों का किला था, जिसके दो पश्चिमी एवं पूर्वी दरवाजे थे, जिन्हें क्रमशः भैंसा एवं दरीवा दरवाजे कहा जाता था। चन्देलों की आराध्य मनिया देवी का मन्दिर भी यहीं पर है। तालाब के दक्षिणी भाग में बड़ी चन्द्रिका देवी, शिव गुफा एवं काँठेश्वर शिव का मन्दिर है यहीं दक्षिणी-पूर्वी भाग में जैन अतिशय क्षेत्र है जिसके समीप छोटी चन्द्रिका देवी का मन्दिर गोरखी पहाड़ी पर था। यह गोरखी पहाड़ी गुरु गोरखनाथ की तपःस्थली थी। इसी कारण इसे गोरखी पहाड़ी कहा जाता है। इस पहाड़ी में दो अन्धेरी एवं उजाली गुफाँए भी हैं। इसी पहाड़ी की तलहटी में शिव ताण्डव मन्दिर है। शिव ताण्डव मन्दिर के पास एक अनूठी अनन्य प्रतिमा ‘पठवा के बाल महावीर’ की है, जो दर्शनीय है। यहाँ पास ही में एक चट्टान में ‘काल भैरव’ की उत्कीर्ण प्रतिमा है। मदन सागर बाँध पर सिद्ध बाबा का मेला भरता है जो कजलिया मेला के बाद लगता है।

5. कल्याण सागर, महोबा- इस तालाब का निर्माण बीर बर्मा चन्देल राजा (1242-86 ई.) ने कराया था, जिसका नाम अपनी रानी कल्याण देवी के नाम पर रखा था। यह सरोवर महोबा के पूर्व में कानपुर-सागर मार्ग पर है। कल्याण सागर तालाब, मदन सागर एवं विजय सागर तालाब के मध्य दोनों से मिला हुआ है। इसके बाँध पर सतियों के चीरा लगे हैं, सिंह वाहिनी देवी, बल खंडेश्वर महादेव एवं चामुंडा देवी मंदिर बने हुए हैं। ऐसा लगता है कि इस बाँध पर चन्देलों के शमशान रहे होंगे।

6. श्रीनगर तालाब- श्रीनगर ग्राम महोबा-छतरपुर बस मार्ग पर स्थित है। यहाँ दो सुन्दर तालाब हैं, जो बुन्देला शासनकाल के हैं। प्रथम बड़ा तालाब कहा जाता है। ऐसा माना जाता है कि इस तालाब को मोहनसिंह बुन्देला ने बनवाया था। एक दूसरा छोटा तालाब भी यहाँ है।

7. मकरवाई तालाब- प्राचीन समय में मकरवाई परिक्षेत्र अहीर जाति के अधिकार में था, जिसे बाद में मकरन्द राजपूत ने छीनकर अपने अधिकार में ले लिया था। उसी ने मकरवाई ग्राम बसा कर एक सुन्दर तालाब का निर्माण कराया था। तालाब के बाँध पर शिव मन्दिर है।

8. गढ़ा तालाब, कुल पहाड़- कुल पहाड़ में बुन्देला शासनकाल का बना हुआ गढ़ा तालाब है। यह गहरा है एवं बड़ा भी है। गहरा होने के कारण ही इसे गढ़ा तालाब नाम मिला है। इसके बाँध पर मन्दिर है। स्नान घाट भी सुन्दर बने हुए हैं।

9. महामन तालाब, खरेला- खरेला बड़ा ग्राम है जो मुस्करा परगना में है। यहाँ चन्देलकालीन बड़ा तालाब है। बाँध पर कजलियों का मेला भरता है।

10. ब्रम्ह सरोवर, कबरई- कबरई में चन्देल राजा परमाल देव के पुत्र ब्रम्हा का बनवाया हुआ, विशाल झील-सा ब्रम्ह सरोवर तालाब है। इसकी पाल (बाँध) बहुत लम्बी-चौड़ी है जिसमें पत्थरों की बड़ी-बड़ी पैरियों का प्रयोग किया गया है। इसके बाँध पर विशाल शिव मठ था। तालाब के मध्य की एक पटपरिया (पठार) पर चन्देलों की बैठक एवं सैरगाह थी।

इस सरोवर में गाद, गौंड़र एवं कीचड़ अधिक भर गई है। यदि इसका कचड़ा निकालकर पूर्ववत साफ करा दिया जाए तो यह बुन्देलखण्ड के दर्शनीय तालाबों में होगा।

Image result for belatal pond
11. बेला ताल, जैतपुर- जैतपुर (बेलाताल) झाँसी-मानिकपुर रेलवे का एक स्टेशन है। जैतपुर बस्ती से 3 किलोमीटर की दूरी पर पूर्व दिशा में विशाल तालाब बेला तालाब है। कुछ लोग इसे वाला वरमन चन्देल का बनवाया हुआ बतलाते हैं, जबकि यह चन्देल राजा परमालदेव के पुत्र ब्रम्हा का बनवाया हुआ है। इसका नाम ब्रम्हा ने अपनी रानी बेला के नाम पर बेला तालाब रखा था। इस तालाब का भराव क्षेत्र 15 किमी. का है। तालाब के बाँध पर शिवाला था जो आज ध्वस्त है। तालाब के पश्चिमी पार्श्व में छत्रसाल के पुत्र जगतराज ने एक छोटा-सा किला बनवाया था जो टूटा-फूटा है। कुछ हिस्सा मराठों ने तोड़ दिया था। स्थानीय लोग इसे केशरी सिंह का बनवाया कहते हैं।

अंग्रेजी काल में बेला ताल के बाँध पर जलनिकासी हेतु सलूस लगवाया गया था। नहरें बनवाई गई थीं जिससे सैकड़ों हेक्टेयर की कृषि सिंचाई होने लगी थी।

सन 1855 ई. में बेला तालाब के साथ ही विजय सागर तालाब, दशपुर तालाब, थाना तालाब, मदन सागर, कीरत सागर, कल्याण सागर, नैगुआं, टीकामऊ तालाबों में सलूस लगवाकर कृषि सिंचाई सुविधा बढ़ाई गई थी। सन 1914 ई. में मझगवां तालाब की 52 किमी. लम्बी नहर, कुल पहाड़ तालाब से 1924 ई. में 8 किमी. की नहर, बेला तालाब, रैपुरा, कमलपुर तालाबों से 110 किलोमीटर लम्बी नहरें बनवाई गई थीं। सन 1973-74 में अर्जुन नहर, कवरई नहर, केवलारी चन्द्रावल नहरें 426 किमी. लम्बी बनी थीं।

12. चरखारी नगर के तालाब- चरखारी नगर महोबा से 15 किलो मीटर की दूरी पर 25.24 उत्तरी अक्षांश एवं 79.48 पूर्वी देशान्तर पर स्थित है। चरखारी नगर के चारों ओर माला (LINKED) तालाब हैं। चरखारी का सौन्दर्य तालाब हैं, जिसे तालाबों का नगर कहा जाता है।

चरखारी महाराजा छत्रसाल पन्ना के द्वितीय पुत्र जगतराज जैतपुर के ज्येष्ठ पुत्र कीरत सिंह के दूसरे पुत्र खुमानसिंह की राजधानी था। जब जगतराज जैतपुर में रहते थे तो यदाकदा यहाँ की चरखैरी पहाड़ी पर चरखैरों (हिरणों) का शिकार खेलने आया-जाया करते थे। उन्हें चरखैरी पहाड़ी का प्राकृतिक सौन्दर्य पसन्द आया, तो उन्होंने 1758 ई. में मंगलवार के दिन पहाड़ी पर किला निर्माण की आधारशिला रखी। परन्तु उसी वर्ष उनका स्वर्गवास हो गया था। बाद में जगतराज के उत्तराधिकार को लेकर पहाड़ सिंह और ज्येष्ठ भ्राता के पुत्रों गुमान सिंह, खुमान सिंह में पारिवारिक कलह हो गया था। जिसका समापन पहाड़ सिंह ने अपने दोनों भतीजों गुमानसिंह, खुमान सिंह को भूरागढ़, बाँदा एवं चरखारी के राज्य देकर कलह शान्त कर दिया था।

खुमान सिंह को चरखारी का स्वतन्त्र राज्य मिला तो उन्होंने किला निर्माण कार्य पूर्ण करवाकर, उसका नाम मंगलगढ़ रखा था। किला पहाड़ी (चरखैरी) के नीचे बस्ती बसाकर, उसका नाम भी चरखैरी के नाम पर चरखारी रख दिया था। खुमान सिंह के पश्चातवर्ती राजाओं ने नगर के चारों ओर नगर सौन्दर्य एवं जन-जल सुविधा हेतु तालाओं का निर्माण कराकर, इसे तालाबों की नगरी के रूप में पहचान दी थी। जिसका ब्योरा इस प्रकार है-

विजय सागर तालाब, चरखारी- यह तालाब चरखारी नरेश विजयसिंह (1782-1823 ई.) ने किला की तलहटी में दो पहाड़ियों के मध्य चरखारी नगर के किनारे बनवाया था।

रतन सागर तालाब- रतन सागर तालाब चरखारी नरेश रतनसिंह (1829-60 ई.) ने बनवाया था, जो नगर सीमा में संलग्न है।

जय सागर तालाब- यह तालाब चरखारी नरेश जयसिंह (1860-80 ई.) ने दीवान तातिया टोपे की देख-रेख में बनवाया था, जो नगर से संलग्न है।

मलखान सागर, चरखारी- यह सरोवर चरखारी नरेश मलखान सिंह ने सन 1882 ई. में बनवाया था। यह भी नगर के किनारे सुन्दर तालाब है। गोवर्धन नाथ का मन्दिर इसी मलखान सागर पर है।

गुमान सागर, चरखारी- यह सरोवर चरखारी नरेश गुमान सिंह ने बनवाया था।

सुदामापुरी तालाब, चरखारी- सुदामापुरी तालाब भी नगर सीमा से संलग्न है।

किला मंगलगढ़ के तालाब- किला मंगलगढ़ में पहाड़ का पत्थर काटकर, बिहारी तालाब, मंडना तालाब एवं काकुन तालाब बनवाये गए थे।

चरखारी नगर के चारों ओर, एक दूसरे से संलग्न 7 तालाब-कोठी तालाब, गोलाघाट तालाब, जय सागर तालाब, बंशिया तालाब, रपट तलैया, विजय सागर एवं मलखान सागर हैं। इनके मध्य के नगर से बाहर की ओर को आवाजाही मार्ग हैं। तालाबों के बाहर सुन्दर मनोरम पहाड़ियाँ हैं जिनसे तालाबों की शोभा निखर उठती है।

दसपुर तालाब- महोबा के उत्तर में दसपुर ग्राम में बड़ा तालाब है। इस तालाब से कृषि सिंचाई हेतु नहरें निकाली गई हैं। यहाँ बच्छराज एवं दच्छराज बनाफरों का पुराना किला है।

टोला तालाब- यह महोबा के निकट पिकनिक मनाने वालों के लिये मनोरम तालाब है।

इनके अतिरिक्त महोबा जिले में पहरा तालाब, तेली पहाड़ी तालाब, पवाँ तालाब, विलखी तालाब, उरवारा तालाब, पसनहाबाद तालाब, सिजहरी तालाब, पठारी तालाब, कदीम तालाब, छतरवारा तालाब, नरैरी तालाब, अखारा तालाब, रावतपुरा खुर्द तालाब, सैला माफी तालाब, सारंगपुर तालाब, बौरा तालाब, भड़रा तालाब, दमौरा तालाब, मिरतला, दिदवारा तालाब, गुर हरौ तालाब, मनकी तालाब, नरवारा तालाब, मजगुवां तालाब एवं पिपरा तालाब हैं।

Friday 25 May 2018

छतरपुर जिले का सबसे सुंदर अंग्रेजों द्वारा बसाया गया नौगांव नगर अब 175 साल का हो गया है

छतरपुर जिले का सबसे सुंदर अंग्रेजों द्वारा बसाया गया नौगांव नगर अब 175 साल का हो गया है। आज गुरुवार सुबह 11 बजे नगर के जीटीसी ग्राउंड पर अनेक कार्यक्रम आयोजित करके धूमधाम से स्थापना दिवस मनाया जाएगा। स्थापना दिवस के मौके पर सांस्कृतिक एवं अन्य कार्यक्रमों के जरिए नगर की स्थापना से लेकर आज तक के गौरवशाली इतिहास को प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम में दिल्ली, मुंबई, ग्वालियर, रायपुर, गुजरात, हैदराबाद आदि शहरों में बसे नगरवासी भी शामिल होकर अपने शहर के गौरवशाली कार्यक्रम के गवाह बनेंगे।

नगर के इतिहासकार दिनेश सेन ने बताया कि नौगांव नगर की स्थापना 1842 में अंग्रेजी हुकूमत के मिस्टर डब्ल्यू एस सिलीमेन ने एक बिग्रेड सेना के सैनिकों के ठहरने के लिए नौगांव छावनी के नाम से की गई है। देशी 36 रियासतों के बीच में होने के कारण अंग्रेजी अफसरों ने इस जगह सबसे पहले नगर का नाम नौगांव छावनी पड़ा। सन 1842 में अंग्रेजी हुकूमत के सिलीमेन अधिकारी ने जैतपुर बेलाताल की रियासत में नयागांव दूल्हा बाबा मैदान और जैतपुर बेलाताल की ओर आक्रमण कर दिया जिसमें महाराज पारीक्षत पराजित हो गए तथा अंग्रेजों की हुकूमत बेलाताल तक हो गई। इस तरह से अब अंग्रेजी हुकूमत 36 रियासतों तक फ़ैल गई।

इन सभी रियासतों को कंट्रोल करने एवं उनसे लगान वसूलने के लिए नौगांव छावनी की स्थापना की गई थी। जिसके लिए ब्रिटिश हुकूमत ने छतरपुर के तत्कालीन महाराज प्रताप सिंह से 19 हजार वार्षिक किराए पर नौगांव में कुछ जमीन ली थी।

इस जमीन पर अंग्रेजी अफसर डब्ल्यू एस सिलीमेन ने सन 1842 से सन 1861 तक सेना की एक टुकड़ी को इसी जमीन पर तम्बू तानकर रखा। इसके बाद इसी जमीन पर अंग्रेजी अफसरों ने नौगांव छावनी का पहला भवन निर्मित कराया। इसी भवन में अंग्रेजी हुकूमत के समय 36 देशी रियासतों पर प्रभावी नियंत्रण बनाये रखने के लिए अंग्रेजी सरकार का पोलिटिकल एजेंट रहता था। जहां 36 रियासतों के राजा पॉलिटिकल एजेंट से मिलने एवं लगान चुकाने के लिए आते थे।

175 वर्ष में क्या खोया, क्या पाया, नौगांव की जुबानी

मैं नौगांव अपनी दुर्दशा एवं उपेक्षा पर स्वयं आंसू बहा रहा हूं। आजादी के पहले मेरा स्वर्णिम समय चल रहा था, आजादी के बाद भी कुछ समय अच्छा रहा। आज से करीब 175 वर्ष पहले मैं एक मैदान के रूप में खाली था, उसके बाद अंग्रेजी हुकूमत ने मुझे नौगांव छावनी का रूप दिया । बाद में मुझे 36 रियासत पर कंट्रोल करने के लिए प्रयोग किया । उसके बाद जब मुझे विंध्य प्रदेश की राजधानी बनाया गया, जब मेरा स्वर्णिम समय था, पहले मुख्यमंत्री कामता प्रसाद सक्सेना का कार्यालय यहीं था। इसके बाद मध्य प्रदेश के गठन के बाद मेरा बुरा दौर शुरू हुआ,यहां से कई आफिस छतरपुर , सागर, सतना और भोपाल चले गए, मैं देखते देखते वीरान हो गया। राजधानी से मैं महज तहसील बन कर रह गया। इन 175 वर्षों में मैंने खोया बहुत कुछ है, लेकिन पाया कुछ नहीं है। आज मेरी स्थिति ऐसी है की स्वच्छता के मामले में प्रदेश में मेरा नंबर 78 वां हैं। कभी मैं स्मार्ट सिटी की श्रेणी में आता था लेकिन आज गंदगी से पटा पड़ा हूं।

अंग्रेजों के जुल्मों सिलम

का गवाह है नौगांव

नगर के 88 वर्षीय नाथूराम सेन बताते हैं कि अंग्रेजी हुकूमत के अफसर बड़े ही जालिम थे। उस समय वह जेल में सप्लाई का काम करते थे, गलती करने पर तत्काल सजा का प्रावधान रखा जाता था। पॉलिटेक्निक कॉलेज में स्थित जेल में गलती करने वाले अपराधी को फांसी घर में लटकाया जाता था। थोड़ी सी गलती पर जेल के अंदर बनी काल कोठरी मे डाल दिया जाता था।

विंध्य प्रदेश के गठन के बाद 15 अगस्त 1947 से 11 अप्रैल 1948 तक नौगांव प्रदेश की राजधानी रहा। जिसमें आज के आदर्श प्राइमरी स्कूल में विधानसभा का सचिवालय हुआ करता था। इसी तरह सिंचाई विभाग का मुखालय और चीफ कंज्वेटर फाॅरेस्ट के भवनों में आज सिविल अस्पताल संचालित हो रहा है। टीबी अस्पताल में सर्जन आफिस संचालित होता था। एडीजे कोर्ट परिसर में हाईकोर्ट और सेसन कोर्ट का संचालन होता था। वर्तमान के सेल्स टैक्स कार्यालय में आर टीओ मुख्यालय, कैनाल कोठी में डीआईजी निवास एवं कार्यालय, वर्तमान बस स्टैंड में सेकेट्री आवास सहित सभी कार्यालय नौगांव में संचालित होते थे। नगर के पहले भवन जिसमें कमिश्नरी कार्यालय संचालित होता था, उसका निर्माण 1861 में अंग्रेजी सरकार के अफसर मिस्टर डब्ल्यू एस सिलीमेन ने कराया था। इसके अलावा आर्मी कॉलेज रोड पर सेंट पीटर रोमन कैथोलिक चर्च का निर्माण 1869 में , सिटी चर्च 1905,सर्किट हाऊस का निर्माण 1905, नौगांव क्लब, भड़ार पुल, बड़ा पुल, टीबी अस्पताल भवन सहित अनेक इमारतें अंग्रेजी हुकूमत के समय बनी थी, जिसका प्रयोग आज भी नगरवासी बड़े ही अच्छे तरीके से कर रहे हैं।

विंध्य प्रदेश की राजधानी रहा नौगांव

नौगांव। ब्रिटिश शासन की जेल, वर्तमान में पॉलीटैक्निक कॉलेज की कर्मशाला बन गई। ब्रिटिश शासन की चर्च, जहां अंग्रेज शासक करते थे आराधना।